Tuesday, May 21, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » पानी को परेशान स्वास्थ्य कर्मचारी

पानी को परेशान स्वास्थ्य कर्मचारी

सबमर्सिबल खराब होने से गहराया पेयजल संकट
अस्पताल परिसर में लगे हैंडपंप भी बने शोपीस
टूंडला, जन सामना संवाददाता। अस्पताल में मरीजों का उपचार करने वाले स्वास्थ्य कर्मचारी ही पानी की बूंद-बूंद को परेशान हैं। हैंडपंप और सबमर्सिबल खराब होने से सीएचसी परिसर में पेयजल संकट गहरा गया है। जिसके चलते लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में ही कर्मचारियों के रहने के लिए आवास भी बने हुए हैं। जहां अधिकतर कर्मचारियों का परिवार रहता है। विगत कई दिनों ने अस्पताल में लगे हैंडपंप और सबमर्सिबल खराब पड़ी हैं। सबमर्सिबल खराब होने से अस्पताल परिसर में रह रहे कर्मचारी और उनका परिवार पानी की बूंद-बूंद को परेशान हो गया है। स्थिति ये है कि दिन निकलते ही स्वास्थ्य कर्मचारियों का परिवार बर्तन लेकर पानी की तलाश में निकल पड़ता है। महिला-पुरुषों के अलावा बच्चे भी पानी भर-भरकर लाते हैं। खंड विकास कार्यालय परिसर में लगी सबमर्सिबल से पानी भरकर स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी प्यास बुझा रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी उन कर्मचारियों को है जो तीसरी मंजिल पर रहते हैं। वहां ऊपर तक पानी ले जाने में कर्मचारी और उनके परिजनों का बुरा हाल हो रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि गर्मी में पानी की खपत अधिक होती है। ऐसे में हैंडपंप और सबमर्सिबल खराब होने से पेयजल संकट और बढ़ गया है। पानी भरने में बच्चे पसीने से तर बतर हो जाते हैं। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने उच्चाधिकारियों से खराब पड़े हैंडपंप और सबमर्सिल को ठीक कराए जाने की मांग की है।